मेहला में मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव, अगले महीने शुरू होगी ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’:- सुक्खू

मेहला में मुख्यमंत्री का हुआ रात्रि ठहराव, अगले महीने शुरू होगी ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’:- सुक्खू

172 परिवार योजना के लिए चिन्हित, पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये प्रतिमाह; आगामी शैक्षणिक सत्र से मेहला में शुरू होगा सीबीएसई स्कूल

मेहला /चंबा 07 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिला के भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मैहला ग्राम पंचायत के दूरदराज गांव मेहला में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा और लोकधुनों के बीच ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के इस सुदूर गांव में रात्रि ठहराव के लिए पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों का आनंद भी लिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रात्रि ठहराव का उद्देश्य लोगों की समस्याओं और चुनौतियों को करीब से समझकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है। ‘सरकार गांव के द्वार’ प्रदेश सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है।उन्होंने घोषणा की कि मेहला ग्राम पंचायत के 172 परिवारों को ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के लिए चिन्हित किया गया है। योजना का शुभारम्भ अगले महीने किया जाएगा। इसके तहत 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। एक परिवार की तीन पात्र महिलाएं भी इसका लाभ उठा सकेंगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से मेहला में सीबीएसई स्कूल शुरू किया जाएगा।

किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पांगी घाटी में प्राकृतिक पद्धति से उत्पादित जौ का समर्थन मूल्य 70 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। गाय के दूध का खरीद मूल्य 31 से बढ़ाकर 61 रुपये और भैंस के दूध का मूल्य 46 से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। दूध उत्पादकों की प्रोत्साहन राशि भी तीन से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर की गई है। गद्दी समुदाय के लिए भी मीट के बेहतर दाम सुनिश्चित करने को नई योजना तैयार की जा रही है।मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया को कंप्यूटरीकृत कर पारदर्शी बनाया गया है। पेपर लीक और अनियमितताओं में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है।इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, कृषि उपज मंडी समिति चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!