बनीखेत में नालों के चैनेलाइजेशन कार्य का एसडीएम अनिल भारद्वाज ने किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
ग्रामीणों के सुझावों को भी विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा, बरसात के कारण निर्माण कार्य में हुई देरी

डलहौजी/ चम्बा 10 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपमंडलाधिकारी डलहौजी अनिल भारद्वाज ने आज मंगलवार को बनीखेत में जल शक्ति विभाग की ओर से करवाए जा रहे नालों के चैनेलाइजेशन कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति तथा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत जानकारी हासिल की।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थानीय ग्रामीणों की ओर से दिए गए सुझावों और समस्याओं को भी जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में स्थानीय लोगों के सुझावों और आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि चैनेलाइजेशन का कार्य क्षेत्र के लोगों के लिए अधिक उपयोगी और प्रभावी साबित हो सके। उन्होंने कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता सहित नगर पंचायत बनीखेत के कनिष्ठ अभियंता भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एसडीएम को निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत करवाया तथा कार्य को जल्द पूरा करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।गौरतलब है कि क्षेत्र में भारी बरसात के चलते नालों के चैनेलाइजेशन कार्य में विलंब हुआ है, अन्यथा यह कार्य अब तक संपन्न हो चुका होता। हालांकि, अब मौसम में सुधार के साथ निर्माण कार्य को गति दी गई है और इसे जल्द पूरा करने के लिए युद्ध स्तर पर काम जारी है।
