बब्बू मान की शानदार प्रस्तुति से यादगार बनी अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या
किन्नौरी लोकगीतों और पहाड़ी धुनों पर जमकर झूमे दर्शक, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी कलाकारों के साथ किया नृत्य

रामपुर बुशहर/ शिमला, 14 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या संगीत, मनोरंजन और लोक संस्कृति के शानदार संगम के रूप में यादगार बन गई। पंजाबी संगीत के लोकप्रिय गायक बब्बू मान की दमदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी गायकी का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोला और पूरा पंडाल तालियों तथा उत्साह से गूंज उठा। प्रदेश सरकार के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की।इस अवसर पर उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि जगत सिंह नेगी सहित अन्य अतिथियों को सम्मानित किया।

सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित देश के अन्य क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विशेष रूप से किन्नौरी लोकगीतों और पारंपरिक धुनों ने खूब समां बांधा। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी किन्नौरी लोक गायकों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और लोक धुनों पर कलाकारों के साथ नृत्य कर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पंजाबी गायक बब्बू मान रहे। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके मंच पर आते ही दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, कविता किंटा, इंद्रजीत, दिलजीत, रमेश कटोच, भारती शर्मा, एक्सटन निक, राजेंद्र वर्मा, किशन वर्मा, नेहा दीक्षित, हिमांशी तंवर, हेमंत शर्मा, अशोक पालसरा और तांत्रा बॉयज सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया। साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने लोक संस्कृति और संगीत के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह, हिमकॉन अध्यक्ष विकेश चौहान, एपीएमसी अध्यक्ष देवानंद वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, एसडीएम एवं मेला आयोजन समिति के सचिव हर्ष अमरेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
