मनुष्य जीवन का एकमात्र लक्ष्य प्रभु की प्राप्ति करना :- बहन शिवानी

डलहौजी / चम्बा 15 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
स्थानीय निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर बहन शिवानी जी ने अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मनुष्य जीवन के वास्तविक उद्देश्य और परमात्मा की प्राप्ति के महत्व से अवगत करवाया।उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन में आने का एकमात्र मकसद प्रभु की प्राप्ति करना और ईश्वर को जानना है। संसार में प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी रूप में परमात्मा की भक्ति करता है, लेकिन अधिकांश लोग ईश्वर को देखे और उसकी वास्तविक पहचान किए बिना ही भक्ति में लीन रहते हैं। जब कोई जिज्ञासु पूर्ण सतगुरु की शरण में जाकर ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति करता है, तो सतगुरु उसी क्षण उसे कण-कण में व्याप्त निरंकार प्रभु परमात्मा के दर्शन करवाते हैं।

बहन शिवानी ने कहा कि युगों-युगों से मनुष्य को पूर्ण सतगुरु की कृपा से ही ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति होती आई है। वर्तमान समय में भी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ब्रह्मज्ञान प्रदान कर मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य को पूरा करने का मार्ग दिखा रही हैं। उनके मार्गदर्शन से श्रद्धालु निराकार परमात्मा का अनुभव कर अपने जीवन को सार्थक बना रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि जब सतगुरु की कृपा से ब्रह्मज्ञान प्राप्त होता है और आत्मा का मिलन परमात्मा से होता है, तब मनुष्य को अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध होता है। उसे समझ आता है कि वह कहां से आया है और जीवन का अंतिम लक्ष्य क्या है। निरंकार प्रभु परमात्मा कण-कण में विद्यमान हैं और उनकी अनुभूति करना ही मानव जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

इस अवसर पर उपस्थित साध संगत ने भजनों एवं आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से निरंकार प्रभु का गुणगान किया। कार्यक्रम के अंत में शाखा प्रबंधक महात्मा एच.एस. गुलेरिया जी ने श्रद्धालुओं को आपसी मेल-मिलाप, प्रेम, सद्भावना और भाईचारे का संदेश दिया। सत्संग का वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर रहा।