ज्वालामुखी में स्कूल बस की कथित लापरवाही पर CWC सख्त, जांच के आदेश

कांगड़ा 21 नवंबर चांपा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
ज्वालामुखी क्षेत्र में शिवालिक पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल की बस से जुड़ी घटना का जिला बाल कल्याण समिति (CWC) कांगड़ा ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए समाचार एवं वीडियो के अनुसार, बस चालक की कथित लापरवाही के चलते एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। इस घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्कूल परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।CWC कांगड़ा के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने कहा कि बच्चों का जीवन और सुरक्षा सर्वोपरि है। स्कूल बसों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।समिति ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक देहरा, जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPO) कांगड़ा और चाइल्ड हेल्पलाइन कांगड़ा को ईमेल के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने तथा तथ्यात्मक स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, पुलिस थाना ज्वालामुखी से भी दूरभाष पर घटना और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी गई है।समिति ने जांच में बस चालक की भूमिका, परिचालक की उपलब्धता, बस की फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य दस्तावेजों की वैधता की जांच करने को कहा है। इसके अलावा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और योग्यता की पुष्टि करने तथा परिवहन विभाग को बस का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।CWC ने परिवहन एवं शिक्षा विभाग से जिला कांगड़ा के सभी स्कूलों की बसों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और निरीक्षण करने का भी आग्रह किया है।अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने अभिभावकों से भी बच्चों के स्कूल परिवहन की सुरक्षा पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बच्चों के सर्वोत्तम हित में कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।