चंबा में 112 किसानों से खरीदी 337 क्विंटल प्राकृतिक मक्की, 50 रुपये प्रति किलो मिलेगा समर्थन मूल्य

चंबा में 112 किसानों से खरीदी 337 क्विंटल प्राकृतिक मक्की, 50 रुपये प्रति किलो मिलेगा समर्थन मूल्य

चंबा 24 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चंबा में प्राकृतिक विधि से उत्पादित मक्की की सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीद निरंतर जारी है। अब तक जिले के विभिन्न विकास खंडों के 112 किसानों से कुल 337.24 क्विंटल मक्की की खरीद की जा चुकी है। इसमें 301.195 क्विंटल लाल मक्की तथा 36.045 क्विंटल सफेद मक्की शामिल है। प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को मक्की का भुगतान 50 रुपये प्रति किलोग्राम यानी 5 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया जाएगा।जिला में चंबा, तीसा, सलूणी, भरमौर और भटियात विकास खंडों में प्राकृतिक मक्की की खरीद के लिए केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक विकास खंड चंबा में 38 किसानों से 51.11 क्विंटल, तीसा में 24 किसानों से 161.69 क्विंटल, सलूणी में 19 किसानों से 60.67 क्विंटल, भरमौर में 6 किसानों से 20.85 क्विंटल तथा भटियात में 25 किसानों से 42.92 क्विंटल मक्की खरीदी गई है।खरीद के आंकड़ों के अनुसार तीसा विकास खंड में सबसे अधिक 161.69 क्विंटल मक्की की खरीद हुई है।

वहीं, भरमौर विकास खंड में सफेद मक्की की सर्वाधिक 20.85 क्विंटल खरीद दर्ज की गई है। भटियात विकास खंड के तहत चुवाड़ी और बनीखेत में दो खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि अन्य विकास खंडों में मुख्यालय स्तर पर एक-एक खरीद केंद्र संचालित किया जा रहा है।आत्मा परियोजना के जिला परियोजना निदेशक नितिन शर्मा ने बताया कि जिले के विभिन्न खरीद केंद्रों में 30 नवंबर 2026 तक किसानों से प्राकृतिक मक्की खरीदी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश सरकार ने मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया है। सरकार की ओर से केवल पारंपरिक बीजों से प्राकृतिक विधि द्वारा उत्पादित मक्की की ही खरीद की जा रही है।उन्होंने बताया कि जनजातीय उपमंडल पांगी में जौ और गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80 रुपये, अदरक का 40 रुपये तथा कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!