कोलका और मंगला स्कूलों में वार्षिक समारोह की धूम, विधायक नीरज नैय्यर ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

चंबा 24 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका और मंगला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए गए। दोनों विद्यालयों में सदर विधायक नीरज नैय्यर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समां बांधा।इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, कठिन परिश्रम, समय का सदुपयोग और दृढ़ संकल्प सफलता के मूल मंत्र हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण और उनमें नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है।

बच्चों को शिक्षित और संस्कारवान बनाने में शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यवहार, दिनचर्या और संगति पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।विधायक ने प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। चिट्टा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने खेलो हिमाचल अभियान शुरू किया है। इसके तहत आठ खेल गतिविधियों को शामिल कर विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने का प्रावधान किया गया है।उन्होंने मंगला स्कूल में जीव विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाने का आश्वासन भी दिया।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य उपलब्ध बजट और संसाधनों के अनुरूप प्राथमिकता से करवाए जाएंगे।समारोह के दौरान विधायक ने दोनों विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने के लिए 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।