पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

डलहोजी/ चम्बा 21 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के बनीखेत स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कक्षा बालवाटिका-3 और कक्षा-1 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 20 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से प्रारंभ हो चुका है, जो 2 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा। अभिभावकों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित पोर्टल के माध्यम से समय रहते अपने बच्चों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कर्मजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रवेश से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां से अभिभावक विस्तृत दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकते हैं।

आयु सीमा को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी कक्षाओं के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। बालवाटिका-3 में प्रवेश के लिए बच्चों की आयु 5 से 6 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जबकि कक्षा-1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष अनिवार्य रखी गई है।इसके अलावा कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा 11 को छोड़कर) में प्रवेश केवल रिक्त सीटों के आधार पर ही दिया जाएगा। इन कक्षाओं के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसकी शुरुआत 2 अप्रैल से होकर 8 अप्रैल 2026 तक चलेगी।विद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक जानकारी पाए जाने पर आवेदन को किसी भी चरण में निरस्त किया जा सकता है। चयन सूची भी निर्धारित तिथियों पर जारी की जाएगी, जिसमें बालवाटिका-3 की सूची 8 अप्रैल और कक्षा-1 की सूची 9 अप्रैल 2026 को प्रकाशित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!