कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चंबा में अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चंबा में अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

चंबा, 26 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

देशभर में कोरोना संक्रमण के मामलों में पुनः वृद्धि को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने एहतियातन अलर्ट जारी कर दिया है। इसी क्रम में जिला चंबा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा भी सभी स्वास्थ्य खंडों को एडवाइजरी जारी की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा, डॉ. विपिन ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों को कोविड-19 और इन्फ्लूएंजा (फ्लू) के संभावित मामलों को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।डॉ. ठाकुर ने बताया कि अस्पतालों को भविष्य में किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने हेतु तैयार किया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल प्रदेश द्वारा इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनके तहत ओपीडी और आईपीडी में गंभीर श्वसन रोगों के मामलों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है, जिसे आईडीएसपी पोर्टल के माध्यम से साझा किया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है। इसमें बिस्तरों की उपलब्धता, ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, पीएसए संयंत्र, एंटीबायोटिक्स और अन्य जरूरी दवाओं के पर्याप्त स्टॉक को सुनिश्चित करने के निर्देश शामिल हैं। इन उपायों का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी बताया कि किसी भी व्यक्ति की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की स्थिति में उसकी जानकारी तुरंत जिला एवं राज्य निगरानी इकाइयों को दी जाए, ताकि संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम समय पर उठाए जा सकें।जनमानस को ‘कोविड-उपयुक्त व्यवहार’ अपनाने की सलाह दी गई है, जिसमें हाथों की सफाई, मास्क पहनना और भीड़-भाड़ से बचाव शामिल है। उन्होंने कहा कि कोरोना और फ्लू के लक्षण मिलते-जुलते होते हैं जैसे सूखी खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बुखार और स्वाद या गंध का न आना। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराना जरूरी है।स्वास्थ्य विभाग चंबा सरकार के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!