विश्व रक्तदान दिवस पर चंबा में जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

चंबा, 13 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में चंबा मिलेनियम बीएड कॉलेज सरु में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपन ठाकुर ने बताया कि यह शिविर स्वास्थ्य विभाग चंबा की ओर से प्रशिक्षु छात्रों के लिए आयोजित किया गया, जिसकी थीम रही — “Give Blood, Give Hope – Together We Save Lives”।इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में शिवालिक हाउस की वंदना ने प्रथम, इरावती हाउस की अनमोल ने द्वितीय और हिमालय हाउस के शुभम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं पोस्टर मेकिंग में कैलाश हाउस ने पहला, इरावती हाउस ने दूसरा और धौलाधार हाउस ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजयी प्रतिभागियों को जिला कार्यक्रम अधिकारी एड्स, डॉ. हरित पुरी द्वारा सम्मानित किया गया।डॉ. पुरी ने बताया कि यह दिवस हर वर्ष 14 जून को ऑस्ट्रेलियन वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर के जन्मदिवस पर मनाया जाता है, जिन्होंने रक्त समूहों की खोज की थी। उन्होंने कहा कि 18 से 65 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति हर तीन महीने में रक्तदान कर सकता है, जिससे गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान के तुरंत बाद शरीर 24 से 48 घंटों में उसकी पूर्ति कर लेता है।इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. कुलवंत सिंह, श्री देवेंद्र पुरी और स्वास्थ्य विभाग से दीपक जोशी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान की शपथ ली।