विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत चंबा जिले में जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत

चंबा, 30 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) चंबा द्वारा 29 मई से 12 जून 2025 तक चलने वाले कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, बागवानी और आत्मा परियोजना जैसी गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता फैलाना और स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाना है।इस अभियान के तहत 29 मई को जिले के विभिन्न ब्लॉकों — चंबा, मेहला और सलूणी — के चुनिंदा गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में दुल्ला, फोलगत, घोल्टी (चंबा ब्लॉक), लोथल व बकान (मेहला ब्लॉक) और लानोट, सलूनी, ग्रोट (सलूणी ब्लॉक) शामिल रहे।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. धर्मिंदर, डॉ. जया चौधरी, डॉ. केहर सिंह ठाकुर, डॉ. सुशील धीमान और नेहा धीमान ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, नवीन तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रमों में कृषि उप निदेशक डॉ. भूपिंदर कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने सक्रिय रूप से भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, खेती की उन्नत विधियों और ग्रामीण विकास से जुड़ी जानकारियों से संबंधित साहित्य और सूचनात्मक सामग्री वितरित की गई।इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विज़न के तहत ग्रामीण समुदायों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है, ताकि वे राष्ट्रीय विकास प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा सकें।इन कार्यक्रमों को स्थानीय समुदायों द्वारा खूब सराहा गया और ग्रामीणों ने वैज्ञानिकों से महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।