डलहौज़ी में विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता रैली और सफाई अभियान का हुआ आयोजन

डलहौज़ी/चम्बा 5 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में हिल्दारी डलहौज़ी एवं नगर परिषद डलहौज़ी के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता रैली और मिनी सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य शहर में स्वच्छता, प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण, और ठोस कचरा प्रबंधन के प्रति जनमानस में जागरूकता फैलाना था।इस रैली को एसडीएम डलहौज़ी श्री अनिल भारद्वाज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में डलहौज़ी के पांच स्कूलों के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रों ने दुकानदारों, होटल मालिकों और टैक्सी चालकों से संवाद कर पर्यावरणीय संदेश जैसे – “सिंगल यूज़ प्लास्टिक बंद करें”, “कूड़ेदान का उपयोग करें”, “कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं” – वाले डैंगलर उनकी दुकानों और वाहनों पर लगाए।

एक विशेष पहल के रूप में, प्रतिज्ञा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें स्थानीय व्यवसायियों और होटल कर्मचारियों ने पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने और प्लास्टिक से परहेज करने की शपथ ली।रैली में कई स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) की भागीदारी भी रही, जो लंबे समय से डलहौज़ी में पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन पर कार्य कर रही हैं।एसडीएम श्री भारद्वाज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सबसे अहम है और छात्रों की सहभागिता प्रेरणादायक है। उन्होंने हिल्दारी और नगर परिषद की इस पहल की सराहना की।

रैली के उपरांत कोर्ट रोड क्षेत्र में छात्रों और नगर परिषद की टीम ने एक मिनी सफाई अभियान भी चलाया, जिसमें क्षेत्रीय कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।यह आयोजन हिल्दारी डलहौज़ी के ठोस कचरा प्रबंधन कार्यक्रम का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, कर्मियों का सशक्तिकरण और लैंडफिल में जाने वाले कचरे को कम करना है। यह कदम डलहौज़ी को स्वच्छ और टिकाऊ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ।