मटवाड़ गांव में चार बेसहारा बच्चों के लिए घर निर्माण शुरू, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलेगा आशियाना

मटवाड़ गांव में चार बेसहारा बच्चों के लिए घर निर्माण शुरू, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलेगा आशियाना

सलूणी/ चम्बा 21 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की भजौत्रा पंचायत के मटवाड़ गांव में चार बेसहारा बच्चों के लिए आवास निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। यह कार्य खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सलूणी कंवर सिंह की अगुवाई में गांव का दौरा कर औपचारिक रूप से शुरू किया गया, जहां उन्होंने निर्माण स्थल पर नींव का पत्थर रखकर कार्य की शुरुआत की।जानकारी के अनुसार इस आवास निर्माण पर लगभग 2 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह घर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित किया जा रहा है, जिसके लिए आवश्यक जियो टैगिंग की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई है। योजना के तहत निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक चरण की निगरानी की जाएगी।बीडीओ कंवर सिंह ने बताया कि बेसहारा बच्चों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि यह आवास न केवल बच्चों को छत प्रदान करेगा, बल्कि उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।दौरे के दौरान अधिकारियों ने बच्चों की अन्य आवश्यकताओं का भी जायजा लिया। इस अवसर पर बच्चों के लिए केटल शेड और शौचालय निर्माण का भी आश्वासन दिया गया, ताकि उन्हें स्वच्छता और पशुपालन से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकें।पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेसहारा और जरूरतमंद बच्चों के लिए इस प्रकार की योजनाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होती हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग भी रखी।प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा और बच्चों को जल्द से जल्द पक्का आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!