सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर द्वारा भर्ती वर्ष 2027 के लिए अधिसूचना जारी, 1 अप्रैल तक ऑनलाइन पंजीकरण

सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर द्वारा भर्ती वर्ष 2027 के लिए अधिसूचना जारी, 1 अप्रैल तक ऑनलाइन पंजीकरण

चम्बा, 14 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर द्वारा भर्ती वर्ष 2027 के लिए भर्ती अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह अधिसूचना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। भर्ती निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिससे युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।जारी अधिसूचना के अनुसार, भर्ती अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (दसवीं पास), अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं पास) तथा अग्निवीर वुमन एमपी के पदों के लिए की जाएगी। सभी पदों के लिए पात्रता मानदंड, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 1 अप्रैल 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते पंजीकरण पूरा करें, ताकि किसी तकनीकी समस्या के कारण आवेदन से वंचित न रहना पड़े। पंजीकरण के समय ईमेल आईडी का होना अनिवार्य है, साथ ही यह भी आवश्यक है कि आधार कार्ड मोबाइल नंबर से लिंक हो।ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान यदि किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर संपर्क कर सकते हैं। भर्ती निदेशक ने युवाओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी प्रकार के दलाल या भ्रामक सूचना से दूर रहें।यह भर्ती अधिसूचना हिमाचल प्रदेश सहित आसपास के जिलों के युवाओं के लिए भारतीय सेना में सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!