मिड-डे मील वर्करों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा निदेशालय का बड़ा निर्देशविद्यालय प्रशासन अब नहीं कर सकेगा ऑनलाइन उपस्थिति का दबाव

शिमला, 10 जून चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने मिड-डे मील (MDM) वर्कर्स की उपस्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। यह निर्देश मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन (CITU से संबद्ध) द्वारा 21 मई 2025 को भेजे गए पत्र के आधार पर जारी किया गया है, जिसमें वर्करों की समस्याओं का विस्तृत उल्लेख किया गया था।वर्कर्स यूनियन ने शिकायत की थी कि प्रदेश के अनेक विद्यालयों में MDM कार्यकर्ताओं पर ऑनलाइन या “स्विफ्ट चैट” के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, यह भी उल्लेख किया गया कि कई स्कूलों में इन वर्करों को सुबह 9:30 बजे ही बुला लिया जाता है, जबकि मध्याह्न भोजन का समय दोपहर में होता है और भोजन को गर्म परोसना अनिवार्य होता है।इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि MDM वर्कर्स को अब ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। उन्हें परंपरागत उपस्थिति रजिस्टर में अपनी उपस्थिति दर्ज करने की छूट दी गई है। निदेशक स्कूल शिक्षा, श्री आशीष कोहली (आईएएस) द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश में सभी फील्ड प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि इस सूचना को समय पर सभी विद्यालयों तक पहुंचाया जाए और वर्करों को अनावश्यक मानसिक दबाव से मुक्त किया जाए।यह कदम न केवल वर्करों की व्यावहारिक कठिनाइयों को समझने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है, बल्कि इससे उनकी कार्यक्षमता और संतुष्टि में भी वृद्धि होने की संभावना है।