प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत चम्बा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत चम्बा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा, 16 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज चौगान नंबर-2 में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है, जिसके लिए यह योजना प्रारंभ की गई है।उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र (रूफटॉप सोलर पैनल) लगाने पर आकर्षक सब्सिडी और ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है। एक किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर ₹33,000, दो किलोवाट पर ₹66,000 तथा तीन किलोवाट तक के संयंत्र पर ₹85,800 तक की सब्सिडी उपलब्ध है।

साथ ही, बैंकों के माध्यम से छह प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी दी जा रही है। इच्छुक लाभार्थी pmsuryaghar.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या विद्युत विभाग, हिमऊर्जा तथा अधिकृत वेंडरों से संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि चम्बा जिले में अब तक लगभग 200 उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ प्राप्त किया है, जिनमें से 150 लाभार्थियों को ₹1.29 करोड़ की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। सौर संयंत्र से उत्पन्न अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर लाभार्थी ₹1.62 प्रति यूनिट की दर से आमदनी भी अर्जित कर सकते हैं।

उपायुक्त ने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा संबंधित विभागों को पांगी और भरमौर जैसे दूरदराज क्षेत्रों में भी जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने योजना का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों तथा सर्वाधिक ऋण सुविधा प्रदान करने वाले बैंक प्रबंधकों—एसबीआई चम्बा, एसबीआई परेल और पीएनबी जुलाखड़ी शाखा—को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रबंधक अग्रणी बैंक डी.सी. चौहान, अधिशासी अभियंता प्रवेश ठाकुर, सहायक अभियंता तेजू राम, अजय कुमार, मनोज कुमार, एच.आर. चौहान और परियोजना अधिकारी हिमऊर्जा शशि कांत सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0-4608×2592-0-0-{}-0-12#

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!