अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 अप्रैल 2025 तक बढ़ी

अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 अप्रैल 2025 तक बढ़ी

चंबा 08 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

कांगड़ा एवं चंबा जिले के युवाओं के लिए एक अहम सूचना सामने आई है। अग्निवीर भर्ती के ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। अब इच्छुक उम्मीदवार 25 अप्रैल 2025 तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। यह जानकारी उपनिदेशक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय चंबा, कैप्टन (सेवानिवृत्त) अनुमेहा पाराशर ने दी।

उन्होंने बताया कि पहले अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2025 निर्धारित की गई थी, लेकिन युवाओं की सुविधा एवं बढ़ती रुचि को देखते हुए इसे बढ़ाकर अब 25 अप्रैल 2025 कर दिया गया है। यह निर्णय उन युवाओं के लिए राहत लेकर आया है जो किसी कारणवश पहले निर्धारित समय-सीमा में पंजीकरण नहीं करवा पाए थे।

उपनिदेशक ने बताया कि अग्निवीर योजना देश की सेवा करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिसमें उन्हें सेना में चार वर्षों के लिए सेवा करने का मौका मिलता है। इसके साथ ही, सेवा के दौरान उन्हें अच्छी सैलरी, प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने सभी पात्र उम्मीदवारों से अपील की है कि वे बढ़ी हुई समय सीमा का लाभ उठाएं और निर्धारित पोर्टल पर समय रहते अपना पंजीकरण पूरा करें।

अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार जिला सैनिक कल्याण कार्यालय चंबा से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!