स्वच्छता कर्मियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया सम्मानित

स्वच्छता कर्मियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया सम्मानित

चंबा, 16 अक्तूबर , मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि शहर की संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्था स्वच्छता कर्मियों के परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना से ही संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनके अथक प्रयासों से ही नगर की सुंदरता और स्वच्छता बनी रहती है।उपायुक्त आज नगर परिषद चंबा की ओर से आयोजित स्वच्छता कर्मी सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लगभग 100 स्वच्छता कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।अपने संबोधन में उपायुक्त ने स्वच्छता कर्मियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये तक का बीमा कवच प्राप्त किया जा सकता है, जो आकस्मिक परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है।

उन्होंने स्वच्छता कर्मियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।मुकेश रेपसवाल ने कहा कि जिला प्रशासन स्वच्छता कर्मियों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और उनकी कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों को दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन सदैव उनके साथ खड़ा है।उन्होंने यह भी आग्रह किया कि सभी स्वच्छता कर्मी अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें ताकि वे उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों को सरकारी शैक्षणिक योजनाओं में अनिवार्य रूप से पंजीकृत करवाएं और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करें।इस अवसर पर नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने कहा कि “स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर” के संकल्प को साकार करने के लिए नगर परिषद निरंतर कार्य कर रही है।

वहीं, प्रबंधक रुचि महाजन ने स्वच्छता कर्मियों के उत्थान हेतु सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम में पार्षद उर्मिला जसरोटिया, अंजू, सीमा कुमारी, जीवन सलारिया, खालिद मिर्ज़ा, कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!