विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया आपदा प्रभावितों से मिले, 300 करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा

भटीयात/चुवाडी, 22 सितंबर बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांव भराड़ी, बनुई, बईलाहड और बलेरा का दौरा कर प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग सांझी नाला–लाहडू–चुवाड़ी–ददरियाडा–पातका तथा लाहडू–तुनूहट्टी सड़कों के उन्नयन और सुदृढ़ीकरण कार्यों को आपदा न्यूनीकरण कार्यक्रम के तहत शामिल किया गया है। यह परियोजनाएं विश्व बैंक के सहयोग से संचालित होंगी और विभागीय आकलन के अनुसार सड़कों व पुलों के निर्माण पर लगभग 300 करोड़ रुपये व्यय होंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में हिमाचल प्रदेश को राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए 1500 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जल्द ही इस राशि को उपलब्ध करवाएगी, जिससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बहाली कार्यों को गति मिल सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार विशेष आपदा राहत के तहत प्रभावित परिवारों को पूरी सहायता दे रही है। इसमें पूरी तरह क्षतिग्रस्त घरों के लिए 7 लाख रुपये, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 1.25 लाख रुपये, घरेलू सामान के नुकसान पर 70 हजार रुपये और भूमि के नुकसान पर 50 हजार रुपये की वित्तीय मदद दी जा रही है।

इस अवसर पर उन्होंने स्वामी श्री हरी गिरी संन्यास आश्रम ककीरा में पूजा अर्चना कर लोगों की सुख-समृद्धि की कामना भी की। दौरे के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और उन्हें राहत एवं पुनर्वास कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए।