लक्षद्वीप दौरे के बाद हिमाचल विधानसभा प्राक्कलन समिति ने किए सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन

शिमला 21 दिसंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने अध्यक्ष राकेश कालिया की अगुवाई में हाल ही में केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप का अध्ययन दौरा किया। इस दौरान समिति ने वहां उपलब्ध विभिन्न पर्यटन गतिविधियों, समुद्री पर्यटन की संभावनाओं, पर्यटकों के लिए विकसित अधोसंरचना, आवासीय सुविधाओं तथा पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन मॉडलों का गहन अध्ययन किया। समिति ने लक्षद्वीप में अपनाए गए सतत पर्यटन विकास के मॉडल को हिमाचल प्रदेश के पर्यटन विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।लक्षद्वीप के अध्ययन दौरे के उपरांत आज समिति ने गुजरात स्थित विश्व प्रसिद्ध पवित्र सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने हिमाचल प्रदेश की समृद्धि, निरंतर विकास और जनकल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की।प्राक्कलन समिति में अध्यक्ष राकेश कालिया के साथ सदस्यगण सतपाल सिंह सत्ती, पवन कुमार काजल, राकेश जम्वाल, कुलदीप सिंह राठौर, नीरज नैय्यर, दलीप सिंह ठाकुर तथा हरदीप सिंह बाबा शामिल रहे। इसके अतिरिक्त समिति के साथ पबनेश कुमार ठाकुर, अनुभाग अधिकारी तथा नितीश गुप्ता, रिपोर्टर भी उपस्थित थे।सोमनाथ मंदिर भ्रमण के दौरान समिति ने मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। समिति ने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, स्वच्छता, कतार प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की सराहना की और इन्हें देश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए अनुकरणीय बताया।समिति के अध्यक्ष राकेश कालिया ने कहा कि लक्षद्वीप जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल और सोमनाथ जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक तीर्थ से प्राप्त अनुभव हिमाचल प्रदेश में पर्यटन एवं तीर्थाटन सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इन स्थलों से सीखे गए प्रबंधन और सुविधाओं के मॉडल को हिमाचल में लागू कर पर्यटन को नई दिशा दी जा सकती है।