चंबा में एनएचपीसी चमेरा चरण-3 और जिला प्रशासन के बीच दो एमओयू हस्ताक्षरित

चंबा में एनएचपीसी चमेरा चरण-3 और जिला प्रशासन के बीच दो एमओयू हस्ताक्षरित

चंबा 20 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिला में जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर जिला प्रशासन और राष्ट्रीय जल विद्युत निगम लिमिटेड की विद्युत परियोजना चमेरा चरण-3 परियोजना के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किए गए।एमओयू पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त मुकेश रेपसवाल तथा परियोजना प्रमुख चमेरा चरण-3 टिकेश्वर प्रसाद ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर विशेष रूप से उपस्थित रहे।समझौते के अनुसार निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत एनएचपीसी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चूड़ी में लगभग 32 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जाएगी।

इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को गर्भावस्था जांच सहित अन्य स्वास्थ्य जांच सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और मरीजों को जिला मुख्यालय या बाहरी अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम होगी।दूसरे एमओयू के तहत लगभग 3 लाख रुपये की राशि विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों (स्पेशली एबल्ड) के लिए स्पोर्ट्स व्हीलचेयर और स्कूटी उपलब्ध करवाने पर व्यय की जाएगी। इससे दिव्यांगजनों को खेल गतिविधियों और दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सकारात्मक कदम सिद्ध होगा।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

एनएचपीसी के सहयोग से इन योजनाओं को गति मिलेगी।इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. हरित पुरी तथा एनएचपीसी के उप महाप्रबंधक प्रशांत त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!