राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना से आत्मनिर्भर बनी चंबा की आरती देवी

चंबा, 27 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश सरकार बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर नई योजनाएं लागू कर रही है। इन्हीं योजनाओं में से एक है राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना, जिसके अंतर्गत चंबा जिला मुख्यालय के सुल्तानपुर वार्ड निवासी कु. आरती देवी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।आरती देवी प्रदेश में इस योजना की इकलौती महिला लाभार्थी हैं। उन्होंने योजना के तहत एक ई-टैक्सी खरीदी, जिसके लिए सरकार ने उन्हें 6 लाख 97 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया।

यह टैक्सी वर्तमान में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में सेवाएं प्रदान कर रही है। इसके बदले उन्हें प्रतिमाह 52 हजार रुपये की स्थिर आय प्राप्त हो रही है।आरती देवी का कहना है कि इस योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। ई-टैक्सी उनके लिए कम खर्च में अधिक आय का मजबूत साधन बनी है। इससे न केवल उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है बल्कि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का इस योजना के लिए आभार व्यक्त किया है।

जिला रोजगार अधिकारी अरविंद चौहान ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को ई-टैक्सी की कुल कीमत पर 50 प्रतिशत अनुदान, 40 प्रतिशत राशि पर 7.9 प्रतिशत ब्याज दर पर बैंक ऋण तथा शेष 10 प्रतिशत राशि स्वयं जमा करनी होती है। सरकार की ओर से खरीदी गई इन ई-टैक्सियों को विभिन्न सरकारी विभागों से 4 से 5 वर्ष के लिए अटैच किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक लाभार्थी को लगभग 50 हजार रुपये मासिक आय सुनिश्चित होती है।उन्होंने बताया कि चंबा जिले में अब तक इस योजना के अंतर्गत कुल 21 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 14 लाभार्थियों को लगभग एक करोड़ रुपये का अनुदान सरकार द्वारा प्रदान किया जा चुका है।

शेष अभ्यर्थियों की प्रक्रिया जारी है।भविष्य में इच्छुक व्यक्ति इस योजना की जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय चंबा से दूरभाष संख्या 01899-222209 पर संपर्क कर सकते हैं।