घरेलू पर्यटन व्यय पर जारी है सांख्यिकीय सर्वेक्षण कार्यअर्थ एवं सांख्यिकी विभाग की टीमें कर रही हैं घर-घर सर्वेक्षण
उपायुक्त ने जिलावासियों से किया सहयोग का आग्रह

चंबा, 23 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण (एनएसएस) के 80वें राउंड के तहत जिला चंबा में घरेलू पर्यटन व्यय से संबंधित सांख्यिकीय सर्वेक्षण कार्य जारी है। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य देशभर में घरेलू पर्यटन से जुड़े खर्चों, यात्राओं के प्रकार, यात्रा के उद्देश्यों तथा उपयोग किए जाने वाले परिवहन साधनों से संबंधित जानकारी एकत्र करना है।उपायुक्त ने बताया कि यह सर्वेक्षण अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। जिला सांख्यिकी कार्यालय और निदेशालय अर्थ एवं सांख्यिकी की संयुक्त टीमें चयनित गांवों एवं वार्डों में जाकर घर-घर सर्वेक्षण कार्य कर रही हैं। सभी प्राप्त जानकारी को डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है, ताकि आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।उन्होंने जिलावासियों से आग्रह किया कि जब भी सर्वेक्षण टीमें जानकारी लेने के लिए उनके घर पहुंचें, तो वे पूर्ण सहयोग करें और सटीक जानकारी प्रदान करें। उपायुक्त ने यह भी आश्वासन दिया कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण और नीतिगत योजनाओं के निर्माण के लिए ही किया जाएगा।उन्होंने कहा कि घरेलू पर्यटन से संबंधित सटीक आंकड़े भविष्य में पर्यटन क्षेत्र की योजनाओं और विकास कार्यों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।सर्वेक्षण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जिला सांख्यिकी अधिकारी के कार्यालय से दूरभाष नंबर 01899-222301 या ईमेल dso-cha-hp@nic.in के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।