शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री पर डलहौजी पुलिस की सख्ती, कई लोगों से वसूला जुर्माना

शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू बिक्री पर डलहौजी पुलिस की सख्ती, कई लोगों से वसूला जुर्माना

डलहौजी/चंबा 14 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। बीते कल पुलिस थाना डलहौजी के दल द्वारा सहप्रभारी के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर नजर रखी गई।पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान कई ऐसे लोग पाए गए जो नियमों का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर धुएं के छल्ले उड़ाते हुए नजर आए। वहीं कुछ दुकानदार शिक्षण संस्थानों के आसपास प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बेचते पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे नियमानुसार जुर्माना वसूला।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा स्कूलों और कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि विद्यार्थियों को तंबाकू जैसी हानिकारक आदतों से दूर रखा जा सके।

इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी देखने को मिलती है, जिस पर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें और युवाओं को तंबाकू से दूर रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!