भद्रवाह सड़क हादसे में दिवंगत युवकों के परिजनों से मिले विधायक डीएस ठाकुर, जताई गहरी संवेदना

भद्रवाह सड़क हादसे में दिवंगत युवकों के परिजनों से मिले विधायक डीएस ठाकुर, जताई गहरी संवेदना

डलहौजी/चम्बा 22 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने अपने प्रवास के दौरान हाल ही में जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह क्षेत्र में थनाला के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले भजोत्रा पंचायत के दो युवकों के परिजनों से उनके निवास स्थान पर पहुंचकर भेंट की। इस दुखद अवसर पर विधायक ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस अपार दुख को सहन करने के लिए सांत्वना दी।उल्लेखनीय है कि उक्त सड़क हादसे में भजोत्रा पंचायत के दो होनहार युवकों की असमय मृत्यु हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

इस दुर्घटना ने न केवल संबंधित परिवारों को गहरे आघात में डाला, बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक और संवेदना का वातावरण बना दिया।विधायक डीएस ठाकुर ने परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इस क्षति की भरपाई किसी भी तरह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे और पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। विधायक ने परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें।

उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!