खराब मौसम व प्राकृतिक आपद के कारण कुंजर महादेव मेला और साहो का पवित्र नौहण रद्द

खराब मौसम व प्राकृतिक आपदा के कारण कुंजर महादेव मेला और साहो का पवित्र नौहण रद्द

चंबा, 30 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

भटियात उपमंडल के अंतर्गत आने वाला ऐतिहासिक कुंजर महादेव मेला नौहण, जो आज से आरम्भ होना था, इस बार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते रद्द कर दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट तथा हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण क्षेत्र में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए यह निर्णय लिया है। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि उपमंडलाधिकारी भटियात ने की है।इसी प्रकार जिला मुख्यालय के समीप स्थित साहो क्षेत्र में आयोजित होने वाला पवित्र नौहण उत्सव भी इस बार नहीं हो पाएगा।

लगातार हो रही वर्षा से मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे श्रद्धालुओं के आने-जाने में खतरा बढ़ गया है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए नौहण कार्यक्रम को रद्द करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय की पुष्टि तहसीलदार साहो ने की है।गौरतलब है कि कुंजर महादेव मेला और साहो नौहण दोनों ही धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन माने जाते हैं। हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग इन मेलों में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठानों और परंपरागत गतिविधियों में शामिल होते हैं। मगर इस बार प्राकृतिक आपदा और मौसम की गंभीर चेतावनी ने इन आयोजनों की रौनक पर विराम लगा दिया है।प्रशासन ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। साथ ही, संबंधित क्षेत्रों में यात्रा करने से पहले मौसम विभाग की ताजा जानकारी अवश्य लें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियां सामान्य होने पर भविष्य में धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित माहौल में पुनः आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!