समग्र शिक्षा के तहत बनीखेत ब्लॉक में प्री-प्राइमरी आया भर्ती प्रक्रिया आज हुई संपन्न, सैकड़ों महिलाओं ने किया आवेदन

समग्र शिक्षा के तहत बनीखेत ब्लॉक में प्री-प्राइमरी आया भर्ती प्रक्रिया आज हुई संपन्न, सैकड़ों महिलाओं ने किया आवेदन

डलहौजी/ चम्बा 15 जनवरी मुकेश कुमार ( गोल्डी)

नगर पंचायत बनीखेत स्थित चिनार पैलेस में आज समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए आया (आया/सहायिका) पदों पर आउटसोर्स भर्ती हेतु आवेदन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत बनीखेत ब्लॉक में कुल 65 महिला आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज आयोजित आवेदन प्रक्रिया में लगभग ढाई सौ से तीन सौ के बीच महिलाओं ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए। सुबह से ही चिनार पैलेस परिसर में महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा गया, क्योंकि यह नियुक्तियां प्री-प्राइमरी शिक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेंगी।

बताया गया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न की जा रही है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जा सके। चयनित महिला कर्मचारियों को प्री-प्राइमरी कक्षाओं में बच्चों की देखभाल, स्वच्छता, सहयोगात्मक गतिविधियों तथा शिक्षण वातावरण को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।इसी क्रम में जानकारी दी गई कि कल भटियात उपमंडल के चुवाड़ी में भी इसी प्रकार की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चुवाड़ी में कुल 70 महिला आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। वहां भी बड़ी संख्या में महिलाओं के आवेदन करने की संभावना जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि यह संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया डिस्टिल एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा करवाई जा रही है। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत की जा रही यह पहल न केवल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!