बनीखेत में स्मार्ट मीटर जागरूकता शिविर आयोजित, अफवाहों से बचने की अपील

बनीखेत में स्मार्ट मीटर जागरूकता शिविर आयोजित, अफवाहों से बचने की अपील

डलहौजी/ चम्बा 23 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

विद्युत मंडल डलहौजी के अंतर्गत बनीखेत में आज सहायक अभियंता इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में स्मार्ट मीटर अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्मार्ट मीटर से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के दौरान सहायक अभियंता इंद्रजीत सिंह ने स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और इसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक पर आधारित प्रणाली है, जिससे बिजली खपत की सटीक और पारदर्शी रिकॉर्डिंग होती है। इससे उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के आधार पर ही बिल प्राप्त होता है और अनुमानित बिलिंग की समस्या समाप्त होती है।उन्होंने सोशल मीडिया पर स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह धारणा पूरी तरह गलत है कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली बिल अपने आप बढ़ जाएगा।

उपभोक्ता जितनी बिजली की खपत करेंगे, उतना ही बिल आएगा, चाहे पारंपरिक मीटर हो या स्मार्ट मीटर।इंद्रजीत सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। भविष्य में यह प्रणाली डिजिटल सेवाओं के विस्तार और ऊर्जा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक स्रोतों से सही जानकारी प्राप्त करें।उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना समय की आवश्यकता है, क्योंकि भविष्य तकनीकी नवाचारों पर ही आधारित है। शिविर के अंत में उपस्थित लोगों ने अपने प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!