कियाणी के ईंड नाला में दर्दनाक कार हादसा, दो की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल

चम्बा 03 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा मुख्यालय से सटे कियाणी क्षेत्र के ईंड नाला एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार में सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।जानकारी के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में स्थित ईंड नाला में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों के शव नाले से बाहर निकाले। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चम्बा भेज दिया गया है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार सभी लोग हिमगिरि क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायल की पहचान की औपचारिक पुष्टि अभी की जा रही है।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय सकलानी ने बताया कि कियाणी के पास ईंड नाला में एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचने पर दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस दुर्घटना से स्तब्ध हैं और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।