भरमौर के सरकारी स्कूल के शिक्षक पर बच्चे को पीटने का आरोप, कान का पर्दा फटा

भरमौर के सरकारी स्कूल के शिक्षक पर बच्चे को पीटने का आरोप, कान का पर्दा फटा

चम्बा 27 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर आठ साल के बच्चे को पीटने का गंभीर आरोप लगा है। मामला उपमंडल भरमौर के अंतर्गत आने वाले एक प्राथमिक विद्यालय का है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले उनके बच्चे को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके कान का पर्दा फट गया, जिसके चलते उसका ऑपरेशन करवाना पड़ा। वर्तमान में बच्चा मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचाराधीन है।परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शिक्षक अक्सर बच्चों के साथ मारपीट करता है और पढ़ाई में उनकी रुचि कम है। इसके कारण विद्यालय के कई बच्चे पढ़ाई में कमजोर हो गए हैं। परिजनों ने शिक्षा विभाग से आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले पर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा बलवीर सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।वहीं, आरोपी शिक्षक ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह उन्हें फंसाने की साजिश है। शिक्षक का कहना है कि आरोप लगाने वाली बच्चे की मां और दादी दोनों ही स्कूल में कुक-कम-हेल्पर के पद पर कार्यरत हैं और कई दिनों से स्कूल नहीं आ रही हैं। इससे दोपहर के भोजन की व्यवस्था में दिक्कत आ रही है। इस बारे में पहले भी दो बार स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अब पुनः नोटिस जारी कर 29 अक्तूबर तक जवाब मांगा गया है। शिक्षक ने कहा कि वे विभाग को पूरे मामले की जानकारी देंगे।

इस खबर में दिखाई की तस्वीर असली नहीं है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!