ग्रामीण संपर्क सड़कों को चरणबद्ध तरीके से लोक निर्माण विभाग के अधीन लाया जाएगा :- कुलदीप सिंह पठानिया

ग्रामीण संपर्क सड़कों को चरणबद्ध तरीके से लोक निर्माण विभाग के अधीन लाया जाएगा :- कुलदीप सिंह पठानिया

डलहौजी/ चम्बा 13 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित संपर्क सड़कों को चरणबद्ध तरीके से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन लाया जाएगा, ताकि इनके रखरखाव, गुणवत्ता और ऑल वेदर कनेक्टिविटी में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। वह ग्राम पंचायत बैली के अंतर्गत लगभग 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले संपर्क मार्ग समलेटा–खड्डी के भूमि पूजन के पश्चात आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मानसून सीजन के दौरान प्राकृतिक आपदाओं के कारण ग्रामीण संपर्क मार्गों और एंबुलेंस सड़कों को भारी क्षति होती है।

इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इन मार्गों के रखरखाव और गुणवत्ता को बेहतर बनाने का निर्णय लिया है। पीडब्ल्यूडी के अधीन आने से इन सड़कों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और दीर्घकालिक रखरखाव अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा जन-अपेक्षाओं के अनुरूप विकासात्मक परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार ने लोकहित में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए आपदा राहत मैन्युअल में आवश्यक बदलाव किए हैं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील और जनकल्याणकारी नीतियां अपनाई गई हैं।उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार के अभूतपूर्व निर्णयों का परिणाम है कि हिमाचल प्रदेश आज देश में शिक्षा के स्तर पर पांचवें स्थान पर है। साथ ही, 6000 से अधिक निराश्रित बच्चों की शिक्षा, संरक्षण और समग्र विकास की जिम्मेदारी राज्य सरकार अभिभावक के रूप में निभा रही है।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के विकास में समय-समय पर सत्ता में रही सभी सरकारों का योगदान रहा है, लेकिन समग्र आकलन से स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकारों की भूमिका सदैव उल्लेखनीय रही है।

उन्होंने स्थानीय पंचायत की मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए किहार संपर्क मार्ग के उन्नयन और रखरखाव कार्य को शीघ्र शुरू करने तथा भटियात विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज गांव भोटन और रखेड को संपर्क सुविधा उपलब्ध करवाने की घोषणा की।इस अवसर पर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया। कार्यक्रम में राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक चेला कृष्ण चंद, मुख्य वन अरण्यपाल राकेश कुमार, एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!