एनएच-05 पर दर्दनाक हादसा, बस पर पत्थर गिरने से दो यात्रियों की मौत, 15 से अधिक घायल

एनएच-05 पर दर्दनाक हादसा, बस पर पत्थर गिरने से दो यात्रियों की मौत, 15 से अधिक घायल

शिमला, 03 सितंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर मंगलवार सुबह कालिमिट्टी के समीप बिठल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। जानकारी के अनुसार विशाल ट्रैवल्स की निजी बस (नंबर HP63A-1891) पर अचानक पहाड़ से लुढ़कते पत्थर और बोल्डर आ गिरे। इस भीषण हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों की पहचान लक्ष्मी विरानी पुत्री श्री रामचरण, निवासी जलगाँव (महाराष्ट्र) तथा एक नेपाली मूल की महिला के रूप में हुई है। हादसा इतना भयावह था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग व पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को तुरंत नजदीकी खनेरी स्थित महात्मा गांधी मेडिकल साइंस एंड कम्युनिटी (MGMSC) अस्पताल में उपचार के लिए पहुँचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।स्थानीय प्रशासन ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी दरक रही है और जगह-जगह पत्थर गिरने की घटनाएँ सामने आ रही हैं। इसी कारण यह दुर्घटना घटी। प्रशासन ने यात्रियों और चालकों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में पहाड़ी रास्तों पर अत्यधिक सतर्कता बरतें और यथासंभव रात के समय सफर से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!