डलहौजी में उत्साह के साथ मनाया गया “राष्ट्रीय एकता दिवस”, आयोजित हुई “Run for Unity” रैली

डलहौजी, 31 अक्तूबर मुकेश कुमार(गोल्डी)
प्रसिद्ध पर्यटन नगरी डलहौजी में आज राष्ट्रीय एकता दिवस–2025 बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक महोदय की अगुवाई में “Run for Unity” का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस विभाग के कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे हुआ, जब प्रतिभागियों ने एकता, सद्भावना और राष्ट्र की अखंडता का संदेश देते हुए दौड़ में हिस्सा लिया। “Run for Unity” का उद्देश्य देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को याद करते हुए उनके योगदान को नमन करना था।

इस दौरान डलहौजी की सड़कों पर उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। स्कूली बच्चों ने हाथों में राष्ट्रीय एकता के नारे और झंडे लेकर दौड़ में भाग लिया, वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी एकजुटता का परिचय देते हुए आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।उप पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर कहा कि सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में देशप्रेम की भावना जागृत होती है और समाज में सकारात्मक संदेश फैलता है।कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पुलिस विभाग एवं स्थानीय प्रशासन ने सराहनीय भूमिका निभाई।

अंत में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई और देश की एकता, अखंडता तथा भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।डलहौजी में आयोजित यह कार्यक्रम जन-जन में एकता और देशभक्ति की भावना को प्रबल करने वाला रहा।