चंबा-तीसा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, सीमेंट से भरी पिकअप नाले में गिरीब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, दो लोग घायल

तीसा/चंबा, 9 अक्तूबर दिलीप सिंह ठाकुर
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा चांजूनाला के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप गाड़ी सीमेंट लेकर तीसा की ओर जा रही थी, तभी अचानक ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क से नीचे नाले में जा गिरी।स्थानीय लोगों ने हादसा होते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंचा। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप में सीमेंट की बोरी लदी हुई थी और वाहन की गति सामान्य थी, लेकिन चांजूनाला के पास अचानक ब्रेक फेल होने से चालक के पास कोई विकल्प नहीं बचा। गाड़ी पलटते हुए नाले में जा गिरी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग की नियमित देखरेख की जाए, क्योंकि चंबा-तीसा सड़क पर आए दिन वाहन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत जगह-जगह खतरनाक है, जिससे हादसों की संभावना बनी रहती है।फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।