भाजपा युवा मोर्चा मंडल बनीखेत का युवा सम्मेलन आयोजित,विधायक डी.एस. ठाकुर ने युवाओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया

डलहौजी/चम्बा, 28 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी भाजपा के युवा मोर्चा मंडल बनीखेत द्वारा आज एक भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर भाजपा संगठन के प्रति अपने समर्पण और उत्साह को प्रदर्शित किया।सम्मेलन में विधायक डी.एस. ठाकुर ने युवा मोर्चा मंडल बनीखेत के नव नियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं की पार्टी है, जहां संगठन में युवाओं को विशेष महत्व दिया जाता है।

उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे एकजुट होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को पहुंचाएं।इस अवसर पर विधायक ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ की हड्डी के रूप में काम करेगा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।सम्मेलन में जिला महामंत्री सुभाष ठाकुर, जिला युवा मोर्चा महामंत्री साहिल पम्मा और मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने युवाओं से अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाजपा के नारों के साथ पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।