राज्यपाल करेंगे अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारंभ :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा, 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल आगामी 27 जुलाई को चंबा के ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 का विधिवत शुभारंभ करेंगे। राज्यपाल के तीन दिवसीय चंबा प्रवास कार्यक्रम की जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दी।
उपायुक्त ने बताया कि राज्यपाल 26 जुलाई (शनिवार) को सांयकाल डलहौजी पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि ठहराव परिधि गृह डलहौजी में निर्धारित किया गया है। अगले दिन 27 जुलाई को सुबह 10 बजे, राज्यपाल श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा अर्चना कर मिंजर अर्पित करेंगे। इसके बाद वह 11 बजे चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3:30 बजे, राज्यपाल बचत भवन में आयोजित आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा होगी।
शाम को राज्यपाल 8:30 बजे आयोजित रिस्पांसिबल टूरिज्म मीट और सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन करेंगे, जो अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के तहत आयोजित की जा रही है। इस दौरान स्थानीय कलाकारों और विभिन्न राज्यों से आए सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सांस्कृतिक संध्या के उपरांत राज्यपाल का रात्रि विश्राम परिधि गृह चंबा में रहेगा।
28 जुलाई को राज्यपाल सुबह 7 बजे पुनः श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जाएंगे। इसके बाद सुबह 8:30 बजे, वह खज्जियार के लिए रवाना होंगे, जहां से वह सामुदायिक पर्यटन ग्राम पुखरी का दौरा करेंगे। राज्यपाल द्वारा ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी गतिविधियों का निरीक्षण किया जाएगा।
दोपहर बाद राज्यपाल खज्जियार से बस द्वारा पठानकोट के लिए प्रस्थान करेंगे, जिससे उनका चंबा प्रवास संपन्न होगा।
यह तीन दिवसीय दौरा चंबा के लिए विकासात्मक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।