राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

चुवाड़ी/चम्बा 09 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में आज रोड सेफ्टी क्लब की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग तथा स्लोगन राइटिंग जैसी विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम में चुवाड़ी सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आयुष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की आदत डालनी चाहिए।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया ने भी इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू है और इसके प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष की शगुन ने प्रथम, बीए द्वितीय वर्ष की शिवानी ने द्वितीय तथा सिमरन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अंकुश प्रथम, कृतिका द्वितीय और अनामिका तृतीय स्थान पर रहे।प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रिद्धिमा और रीनू ने प्रथम, दिया और मोनिका ने द्वितीय तथा अरविंद और अतुल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

वहीं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में संतोष प्रथम, निकिता वर्मा द्वितीय और वंशिता तृतीय स्थान पर रहीं।इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!