ककीरा में स्वामी श्री राजेश्वरानंद भारती नर्सिंग संस्थान का भव्य वार्षिक दीक्षांत समारोह, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रहे मुख्य अतिथि

चम्बा 08 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वामी श्री राजेश्वरानंद भारती नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान ककीरा में वार्षिक दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके उपरांत संस्थान की प्रधानाचार्य एवं ट्रस्ट सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि का विधिवत स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह संस्थान भटियात विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। संस्थान द्वारा संचालित मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में यहां नर्सिंग की स्नातकोत्तर कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पिछले 15 वर्षों की उपलब्धियों को देखते हुए भविष्य में यह संस्थान चिकित्सा महाविद्यालय के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा मानवीय सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है और यहां से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले छात्र-छात्राएं प्रदेश, देश और विदेश में संस्थान का नाम रोशन करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए उन्होंने अपनी ओर से 40 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रधानाचार्य डॉ. कांता अजय कुमार द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसमें संस्थान की शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियों का विस्तृत विवरण दिया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। जीएनएम प्रथम वर्ष में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सुनेहा राणा को 15 हजार रुपये तथा चौथा स्थान पाने वाली शालू देवी को 5100 रुपये प्रदान किए गए।

वहीं एएनएम द्वितीय वर्ष में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रिया को 5100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। अन्य प्रतिभागी प्रशिक्षुओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ट्रस्ट सदस्य, प्रशिक्षु, स्थानीय लोग एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
