इंदौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कांगडा/ नुरपुर 07 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
थाना इंदौरा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एक अहम सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात पुलिस टीम चंगराड़ा क्षेत्र के पास नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध आल्टो कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 10 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में लिया और मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलदीप, निवासी गांव व डाकघर लहरूं, तहसील फतेहपुर तथा जितेन्द्र सिंह, निवासी गांव उपरला मोच, डाकघर सुनेट, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना इंदौरा में NDPS एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत FIR संख्या 51/26 दर्ज कर ली है। मामले की गहन जांच जारी है, जिसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है।

पुलिस जिला नूरपुर के अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नूरपुर पुलिस क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।उन्होंने यह भी बताया कि नागरिक आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं, जिससे समाज को नशे के खतरे से बचाया जा सके ।