पालकवाह में आपदा तैयारी केंद्र का शुभारंभ, हरोली क्षेत्र को मिला सशक्त सुरक्षा आधार

पालकवाह में आपदा तैयारी केंद्र का शुभारंभ, हरोली क्षेत्र को मिला सशक्त सुरक्षा आधार

ऊना 17 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हरोली विधानसभा क्षेत्र के पालकवाह में हिमाचल प्रदेश सेंटर ऑफ डिजास्टर प्रीपेयर्डनेस एंड रेजिलियेंस कार्यालय के शुभारंभ के साथ क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह केंद्र प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए प्रदेश की क्षमता को मजबूत करेगा।उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जवानों और आम नागरिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ प्राथमिक चिकित्सा, विशेष रूप से सीपीआर और मॉक ड्रिल शामिल होंगी, जिससे आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी।इस मौके पर कौशल विकास केंद्र पालकवाह में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना जिले में स्वां नदी के तटीयकरण और चैनलाइजेशन पर करीब 1500 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे न केवल बाढ़ की समस्या पर नियंत्रण पाया गया, बल्कि हजारों एकड़ भूमि भी खेती योग्य बनी है।कार्यक्रम में कमांडेंट जनरल होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा सतवंत अटवाल ने एसडीआरएफ की तत्परता और दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि यह बल 24 घंटे आपदा प्रबंधन के लिए तैयार रहता है।

इस दौरान एसडीआरएफ टीम को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। साथ ही आपदा के दौरान उत्कृष्ट सेवा देने वाले जवानों, होमगार्ड, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और युवा आपदा मित्रों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में फायर, होमगार्ड और एसडीआरएफ जवानों ने भूकंप, सीपीआर और फायर सेफ्टी से जुड़े लाइव डेमो प्रस्तुत कर प्रतिभागियों को जागरूक किया। यह केंद्र प्रदेश में आपदा प्रबंधन को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!