होली तहसील में बस सेवा बहाली की मांग, एपीएमसी चेयरमैन ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन

होली तहसील में बस सेवा बहाली की मांग, एपीएमसी चेयरमैन ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन

भरमौर/ चम्बा 22 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)


चंबा जिला के होली तहसील क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी बस सेवा को पुनः शुरू करने की मांग को लेकर आज एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। हिमाचल युवा इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष साहिल ठाकुर की अगुवाई में एक प्रतिनिधि मंडल ने एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि होली तहसील के अंतर्गत आने वाली चोली, लामू, हीलिंग और क्वार्सी रूट पर चलने वाली सरकारी बस सेवा काफी समय से बंद पड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर छात्रों, बुजुर्गों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए यात्रा करने वाले लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
साहिल ठाकुर ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र दूर-दराज और पहाड़ी इलाका है, जहां सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि उक्त रूट पर बस सेवा को जल्द से जल्द बहाल किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
इस पर एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि लोगों की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर जल्द ही बस सेवा को सुचारू रूप से शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे।
इस आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें परिवहन सुविधा का लाभ मिल सकेगा और उनकी दैनिक परेशानियां कम होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!