सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के डलहौजी दौरे में जनसमस्याओं पर चर्चा, अलग-अलग दो जन समस्याओं पर सौंपे ज्ञापन

डलहौजी/चम्बा 13 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपने विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के बनीखेत में लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय विकास कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं को लेकर जानकारी दी।प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. भारद्वाज से विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आम लोगों व संगठनों ने सीधे संवाद किया। भारतीय मजदूर संघ, चंबा ने सांसद को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें बैरा-सियुल पावर स्टेशन सुरंगानी में कार्यरत श्रमिकों की आवासीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने बताया कि श्रमिकों को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर प्रभावित हो रहा है।

इसके अतिरिक्त, स्थानीय ग्रामवासियों ने क्षेत्र में बढ़ते जल संकट और जल शक्ति विभाग की लापरवाह कार्यप्रणाली को लेकर एक अलग शिकायत पत्र सांसद को सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से पेयजल आपूर्ति में बाधाएं आ रही हैं और विभाग द्वारा समय पर समाधान नहीं किया जा रहा।दोनों ही मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे संबंधित विभागों से जल्द चर्चा करेंगे और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और वे हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगे।इस दौरे के माध्यम से सांसद ने जमीनी स्तर पर जन संवाद को प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक सक्रियता का संदेश दिया।