बनीखेत में 6 जून को होगा भूकंप आधारित मॉक ड्रिल, विभिन्न विभाग रहेंगे शामिल

बनीखेत में 6 जून को होगा भूकंप आधारित मॉक ड्रिल, विभिन्न विभाग रहेंगे शामिल

डलहौजी/ चम्बा, 4 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमंडल डलहौजी के अंतर्गत बनीखेत स्थित एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय में 6 जून को सुबह साढ़े नौ बजे एक भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखना है।मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, होमगार्ड, वन विभाग, एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, नगर परिषद एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान आपदा प्रबंधन से संबंधित रेस्क्यू ऑपरेशनों, राहत कार्यों एवं समन्वय प्रयासों का अभ्यास किया जाएगा।इस संबंध में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) अनिल भारद्वाज की अध्यक्षता में बीते दिन 3 जून को एक आपातकालीन बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मॉक ड्रिल की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन सफलतापूर्वक एवं प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।उपमंडल प्रशासन ने मॉक ड्रिल के दौरान स्थानीय जनता से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि यह अभ्यास केवल आपदा प्रबंधन की तैयारियों का मूल्यांकन है, इसलिए किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। इस आयोजन के माध्यम से प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई की जा सके।इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन से डलहौजी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूती मिलेगी और भविष्य में वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रशासन और विभागों की तत्परता और कार्यक्षमता का मूल्यांकन हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!