चंबा के 35 बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण, दमन-दीव में लिया प्रकृति और ज्ञान का अनूठा अनुभव

चम्बा 03 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला चंबा के चार बाल देखभाल संस्थानों से जुड़े लगभग 35 बच्चे (चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट) इन दिनों एक सप्ताह के शैक्षणिक भ्रमण पर हैं। यह भ्रमण कार्यक्रम 31 मार्च को चंबा से आरंभ हुआ, जिसके अंतर्गत बच्चों को विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन कराया जा रहा है।03 अप्रैल को बच्चों ने वासोना में लायन सफारी का रोमांचक अनुभव लिया। इसके अतिरिक्त दादर एवं नगर हवेली और दमन क्षेत्र में स्थित चिल्ड्रन मेमोरियल पार्क, बटरफ्लाई पार्क खनवेल, दुधनी लेक, डियर पार्क सेंचुरी सतमलैया, नक्षत्र गार्डन, दमन गंगा रिवर फ्रंट और वान गंगा लेक गार्डन जैसे प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया।

बच्चों ने दादर में हाई राइज म्यूजिकल वॉटर फाउंटेन शो का भी भरपूर आनंद उठाया।भ्रमण के दौरान 3 अप्रैल को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वर्चुअल माध्यम से बच्चों से संवाद किया और उनसे इस कार्यक्रम के अनुभव साझा किए। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस यात्रा को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए शुभकामनाएं दीं।बच्चों ने भी इस अवसर पर राज्य सरकार, विधानसभा अध्यक्ष और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें परिवहन, आवास और भोजन की उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

भ्रमण दल के प्रभारी एवं बाल संरक्षण अधिकारी अजय पंवर ने बताया कि सभी बच्चे इस कार्यक्रम से बेहद खुश और उत्साहित हैं। बच्चों ने एक स्वर में कहा कि इस तरह का ज्ञानवर्धक और मनोरंजक अनुभव उन्होंने पहले कभी नहीं किया।