“या तो वैक्सीन नकली थी या फिर कोरोना नकली है” ,मनीष सरीन ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

डलहौज़ी/चम्बा 09 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौज़ी विधानसभा क्षेत्र से 2022 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे मनीष सरीन ने देश में एक बार फिर से बढ़ रहे कोरोना मामलों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि या तो भारत में दी गई कोरोना वैक्सीन असली नहीं थी, या फिर वर्तमान में सामने आ रहे कोरोना के मामले फर्जी हैं।मनीष सरीन ने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरी भाजपा सरकार ने यह दावा किया था कि भारत ने विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया है। देश की मुख्यधारा की मीडिया, जिसे उन्होंने “गोदी मीडिया” कहा, ने इस दावे को विश्वभर में जोर-शोर से प्रचारित किया। केंद्र सरकार ने यह भी प्रचारित किया था कि भारत ने अन्य देशों को भी वैक्सीन निर्यात की।

मनीष का कहना है कि अब जब देश में पुनः कोरोना के मामलों में वृद्धि हो रही है और कई राज्यों में कोरोना एडवाइजरी तक जारी की जा रही है, तो यह गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूछा कि यदि हर भारतीय को वैक्सीन दी जा चुकी है, तो फिर कोरोना के मामलों में यह वृद्धि कैसे संभव है?उन्होंने आगे कहा कि इस स्थिति से तीन संभावनाएं निकलती हैं — या तो वैक्सीन नकली थी, या मौजूदा कोरोना मामलों की खबरें गलत हैं, या फिर पूरे देश का टीकाकरण हुआ ही नहीं और मीडिया ने सरकार के इशारे पर झूठ प्रचारित किया।मनीष सरीन ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कोरोना मामलों की आड़ में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम से जुड़ी असफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।