हिमाचल में पाकिस्तान के लिए जासूसी का मामला, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

कांगड़ा 29 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पंजाब और हरियाणा के बाद अब हिमाचल प्रदेश से भी पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का गंभीर मामला सामने आया है। कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के सुकाहार क्षेत्र से पुलिस ने 20 वर्षीय युवक अभिषेक को तड़के चार बजे गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी कॉलेज ड्रॉपआउट है और उस पर सोशल मीडिया के माध्यम से संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने का संदेह है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों की निगरानी में रहे अभिषेक के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक और संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों को आज देहरा न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
भारतीय दंड संहिता की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि आगे की पूछताछ से अन्य कड़ियाँ उजागर की जा सकें।
इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। मयंक शर्मा एसपी पुलिस जिला देहरा ने स्पष्ट किया कि राज्य की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और देशविरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।