लघु बचत योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी :- प्रकाश चंद करड़

चंबा, 18 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपाध्यक्ष, लघु बचत, हिमाचल प्रदेश, प्रकाश चंद करड़ की अध्यक्षता में बीते कल उपायुक्त कार्यालय चंबा में लघु बचत योजनाओं से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उपायुक्त चंबा, मुकेश रेसपवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने उपाध्यक्ष का शाल, टोपी एवं चंबा थाल भेंट कर अभिनंदन किया।
बैठक में लघु बचत योजनाओं के प्रभावी संचालन, अभिकर्ताओं की भूमिका तथा उनके समक्ष आने वाली समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। प्रकाश चंद करड़ ने कहा कि लघु बचत योजनाएं आमजन के आर्थिक सशक्तिकरण का एक सशक्त माध्यम हैं, अतः इनका व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला भर में योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने हेतु होर्डिंग्स लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लघु बचत अभिकर्ताओं की एक विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके और उन्हें कार्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त, जिला में लघु बचत परिसंपत्तियों में वृद्धि करने पर भी बल दिया गया जिससे राजस्व बढ़ाया जा सके।
इस बैठक में सहायक आयुक्त पीपी सिंह, डाकपाल योगेश नेय्यर, सहायक डाकपाल मोहित चड्ढा एवं लिपिक कुलदीप सिंह भी उपस्थित रहे।
यह बैठक लघु बचत क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है।