गाहलियाँ में हिमाचल प्रदेश के पहले स्वचलित परीक्षण स्टेशन का निरीक्षण, 9 करोड़ की परियोजना से वाहन जांच होगी तेज व पारदर्शी

गाहलियाँ में हिमाचल प्रदेश के पहले स्वचलित परीक्षण स्टेशन का निरीक्षण, 9 करोड़ की परियोजना से वाहन जांच होगी तेज व पारदर्शी

कांगड़ा/धर्मशाला, 06 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानियां ने मंगलवार को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के गाहलियाँ में निर्माणाधीन प्रदेश के पहले स्वचलित परीक्षण स्टेशन (ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन–एटीएस) का निरीक्षण किया। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस अत्याधुनिक एटीएस का निर्माण करीब 40 कनाल भूमि पर किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।केवल सिंह पठानियां ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश का पहला स्वचलित परीक्षण स्टेशन है, जो राज्य में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने में परिवहन विभाग का अहम योगदान रहा है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शीघ्र ही माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा इस स्वचलित परीक्षण स्टेशन का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।उपमुख्य सचेतक ने कहा कि एटीएस के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को वाहनों की फिटनेस जांच में बड़ी सुविधा मिलेगी। अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह स्टेशन जांच प्रक्रिया को सुरक्षित, त्वरित और पूरी तरह पारदर्शी बनाएगा। यहां लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) और हेवी मोटर व्हीकल (एचएमवी) दोनों प्रकार के वाहनों की फिटनेस जांच बिना किसी विशेष दिन का इंतजार किए नियमित रूप से हो सकेगी, जिससे वाहन मालिकों और परिवहन व्यवसायियों को राहत मिलेगी।उन्होंने बताया कि एटीएस में वाहन की रिपोर्टिंग से लेकर जांच पूरी कर बाहर निकलने तक की पूरी प्रक्रिया 20 मिनट से भी कम समय में संपन्न हो जाएगी। वाहन मालिकों और ऑपरेटरों के लिए एक आधुनिक प्रतीक्षा लाउंज की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

फिटनेस जांच के उपरांत वाहन का प्रमाण पत्र ऑनलाइन वाहन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।केवल सिंह पठानियां ने कहा कि इस स्वचलित परीक्षण स्टेशन के स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को घर-द्वार रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। निरीक्षण के अवसर पर आरटीओ मनीष सोनी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, एटीएस के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!