चंबा में सैनिकों और वीर नारियों के लिए आज से जिला विधिक सेवा क्लिनिक शुरू, मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध

चंबा में सैनिकों और वीर नारियों के लिए आज से जिला विधिक सेवा क्लिनिक शुरू, मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध

चम्बा 27 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा के सभी सेवानिवृत्त सैनिकों, वीर नारियों एवं सैनिक विधवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में District Legal Services Clinic की शुरुआत कर दी गई है। इस संबंध में जारी सूचना के अनुसार यह सुविधा आज 27 जनवरी से विधिवत रूप से आरंभ हो चुकी है, जिसका उद्देश्य सशस्त्र सेना से जुड़े वर्तमान व पूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

इस विधिक सेवा क्लिनिक के माध्यम से सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों और उनकी विधवाओं को किसी भी प्रकार के कानूनी मामलों में मुफ्त कानूनी सलाह, मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त यदि किसी मामले में न्यायालयीन प्रक्रिया की आवश्यकता होती है, तो संबंधित कानूनी मुकदमों की बिना किसी फीस के मुफ्त पैरवी भी सुनिश्चित की जाएगी। यह सुविधा उन सैनिक परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जो कानूनी जानकारी या संसाधनों के अभाव में अपने अधिकारों की रक्षा नहीं कर पाते।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस क्लिनिक के सुचारु संचालन के लिए पैनल वकीलों (Panel Lawyers) एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (Para Legal Volunteers) की नियुक्ति की गई है। ये नियुक्त अधिकारी सशस्त्र सेना के सेवारत, पूर्व सैनिकों एवं उनकी विधवाओं को समयबद्ध और प्रभावी कानूनी सहायता प्रदान करेंगे।जानकारी के अनुसार यह जिला विधिक सेवा क्लिनिक मंगलवार से शुक्रवार तक नियमित रूप से कार्य करेगा। इच्छुक लाभार्थी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

प्रशासन ने सभी पात्र सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।यह पहल न केवल सैनिकों और उनके परिवारों को न्यायिक सहायता प्रदान करेगी, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!