कियाणी पंचायत के निचले कियाणी गांव में भीषण अग्निकांड, दो कमरे जलकर राख लाखों का नुकसान

चम्बा 03 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
कियाणी पंचायत के निचले कियाणी गांव में बीती मध्यरात्रि अचानक हुए भीषण अग्निकांड में एक चार कमरों का मकान में आग लगने का मामला प्रकाश में आया है। यह मकान हंसराज पुत्र चुडू राम का बताया जा रहा है। आग लगने की घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते परिवार के सभी सदस्यों ने घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात मकान से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीणों को कुछ अनहोनी का आभास हुआ। ग्रामीणों ने तुरंत मकान मालिक हंसराज को सूचित किया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घर से बाहर खुले स्थान की ओर भागे और अपनी जान बचाई। इसके बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही अग्निशमन विभाग तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम और पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।

मकान के दो कमरे पूरी तरह जल गए और कमरों के भीतर रखा सारा घरेलू सामान, कपड़े, अनाज, बर्तन व अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में प्रभावित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित क्षेत्र के पटवारी और पंचायत प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और आवश्यक रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत व आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन द्वारा जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। गांववासियों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।